संवाददाता | उरई/जालौन
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कौंच मंडी में किसानों से अवैध वसूली के वायरल वीडियो प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जीरो टॉलरेंस नीति के तहत त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की है।
मामले की जानकारी सामने आते ही जिलाधिकारी ने तत्काल उप जिलाधिकारी कौंच हेमंत पटेल को जांच अधिकारी नामित कर पूरे प्रकरण की जांच कराई। जांच के दौरान किसानों द्वारा लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए तथा अशोक गुप्ता वाटर मैन द्वारा अनियमितता एवं अवैध वसूली किए जाने की पुष्टि हुई।
जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही जिलाधिकारी ने आरोपी अशोक गुप्ता वाटर मैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के निर्देश दिए। प्रशासन की इस कार्रवाई से संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़, भ्रष्टाचार अथवा अवैध वसूली किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता, जवाबदेही एवं ईमानदार कार्यप्रणाली सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि आमजन, विशेषकर किसानों को परेशान करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जनपद प्रशासन भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था एवं किसानों के सम्मान की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।