राज्य कर विभाग जालौन द्वारा सर्राफा व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित

उरई, 17 मई 2026। माननीय प्रधानमंत्री जी की बुलियन/सोना न खरीदने की अपील तथा माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में आज कलेक्ट्रेट सभागार में राज्य कर विभाग जालौन द्वारा जनपद के सर्राफा व्यापारियों, ज्वैलर्स एसोसिएशन, बुलियन कारोबारियों एवं व्यापार मंडल पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राजेश कुमार पाण्डेय एवं विनय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से की।

बैठक का मुख्य उद्देश्य देश की अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करना, विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ रहे दबाव को कम करना तथा सोने के आयात को नियंत्रित करना रहा। इस दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित व्यापारियों को वैश्विक परिस्थितियों एवं विदेशी मुद्रा पर पड़ रहे प्रभाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी तथा देशहित में स्वेच्छा से सोने एवं चांदी की बुलियन (ईंट/बिस्कुट) की खरीद-बिक्री को हतोत्साहित करने का आह्वान किया।

बैठक में सर्राफा व्यापारी एसोसिएशन एवं स्थानीय व्यापारियों ने शासन की अपील का समर्थन करते हुए पूर्ण सहमति व्यक्त की। व्यापारियों ने आश्वासन दिया कि वे 24 कैरेट खरा सोना बुलियन एवं बार की सीधे ग्राहकों को बिक्री नहीं करेंगे तथा ग्राहकों को पुरानी ज्वैलरी को रिसाइकिल कर नई ज्वैलरी बनवाने के लिए प्रेरित करेंगे।

व्यापारियों ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों एवं युद्धजनित आर्थिक प्रभावों को देखते हुए वे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने हेतु सरकार का हरसंभव सहयोग करेंगे।

राजेश कुमार पाण्डेय ने व्यापारियों को शासन स्तर से हरसंभव मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन देते हुए सरकार की अपील के अनुरूप कार्य करने का आग्रह किया।

बैठक में रिंकू सिंह राही, अरविंद चौहान, उपायुक्त अमित कुमार यादव, सहायक आयुक्त आशीष मिश्रा, सहायक आयुक्त ब्रजेश कुमार सरोज, राज्य कर अधिकारी सचिन आनन्द, सर्राफा एसोसिएशन अध्यक्ष श्याम किशोर गुप्ता, प्रभंजन सर्राफा अग्रवाल, आशीष अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में सर्राफा व्यापारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *