चीटिकपुर स्थित साधन सहकारी समिति परिसर में स्थापित की गई प्रतिमा, जल्द ही क्षेत्रवासियों को होगी समर्पित
संवाददाता | कानपुर देहात
कानपुर देहात, 11 अगस्त 2026। नगर पंचायत रनिया के चीटिकपुर स्थित साधन सहकारी समिति परिसर में मंगलवार को वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की 12 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा पहुंची। प्रतिमा के पहुंचते ही क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर राज्यमंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक प्रतिभा शुक्ला ने प्रतिमा पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।
प्रतिमा को परिसर में पहले से तैयार किए गए बेस पर स्थापित कर दिया गया है। बताया गया कि बेस को पूरी तरह मजबूत किए जाने के बाद जल्द ही भव्य कार्यक्रम के माध्यम से इस प्रतिमा को क्षेत्रवासियों को समर्पित किया जाएगा।
इस अवसर पर राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई केवल इतिहास का गौरवशाली अध्याय नहीं हैं, बल्कि भारतीय नारी शक्ति, स्वाभिमान, साहस और त्याग की जीवंत मिसाल हैं। उन्होंने देश की स्वतंत्रता और सम्मान की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देकर इतिहास में अमिट स्थान बनाया।
उन्होंने कहा कि रनिया क्षेत्र में स्थापित होने वाली रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी। यह प्रतिमा क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति, वीरता एवं नारी शक्ति का प्रतीक बनने के साथ युवाओं को देशसेवा, त्याग, साहस और बलिदान की भावना से प्रेरित करेगी।
राज्यमंत्री ने प्रतिमा की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा की स्थापना से रनिया की पहचान को नई ऊंचाई मिलेगी। साथ ही इससे क्षेत्र के सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक गौरव को भी मजबूती मिलेगी।
नगर पंचायत रनिया के अधिशासी अधिकारी मनीष राय ने बताया कि प्रतिमा स्थापित करने के लिए तैयार किए गए बेस को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बेस को पूरी तरह मजबूत होने में करीब 15 दिन का समय लगेगा। इसके बाद प्रतिमा के आसपास की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।
रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा के रनिया पहुंचने और स्थापित किए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखने को मिला। क्षेत्रवासियों ने इसे ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि प्रतिमा युवाओं को वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के साहस, शौर्य एवं देशभक्ति से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करेगी।
इस अवसर पर अंशु तिवारी, सोनू मिश्रा, धर्मेंद्र कुशवाहा, नितिन कुशवाहा, नीतू पांडेय, पम्मी सिंह, शैलेंद्र सिंह एवं मनोज द्विवेदी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।