लखनऊ। सचिव, परीक्षा नियामक प्राधिकारी, उत्तर प्रदेश (प्रयागराज) ने बताया कि अपरिहार्य कारणों से यूपीटीईटी-2026 परीक्षा से वंचित रह गए अभ्यर्थियों को प्रदेश सरकार विशेष अवसर प्रदान करेगी।
उन्होंने बताया कि ऐसे अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर विशेष परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को विशेष परीक्षा आयोजित की जाएगी, ताकि किसी भी पात्र अभ्यर्थी का भविष्य प्रभावित न हो।
सचिव ने बताया कि परीक्षा के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। परीक्षा केंद्रों, सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली तथा अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि विशेष परीक्षा से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, परीक्षा केंद्रों की जानकारी तथा प्रवेश पत्र जारी करने की तिथि जल्द ही परीक्षा नियामक प्राधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें।