संवाददाता, उरई/जालौन
आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जनपद स्तरीय शांति समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में धर्मगुरुओं, ताजियादारों, जनप्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों के साथ पर्व की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जालौन जनपद अपनी गंगा-जमुनी तहजीब, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे के लिए जाना जाता है। उन्होंने सभी से अपील की कि मोहर्रम पर्व को भी इसी परंपरा के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मोहर्रम से संबंधित सभी कार्यक्रम पूर्व वर्षों की भांति पारंपरिक तरीके से ही आयोजित किए जाएंगे। किसी भी प्रकार की नई परंपरा, नया जुलूस मार्ग अथवा नई गतिविधि की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी आयोजन निर्धारित मार्गों एवं स्थापित परंपराओं के अनुसार ही संपन्न कराए जाएं।
उन्होंने समस्त उपजिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को ताजिया मार्गों का संयुक्त निरीक्षण करने तथा साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं को समय से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जाए ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी सतत निगरानी रखी जाएगी और अफवाह फैलाने, भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को शांति समिति के सदस्यों, धर्मगुरुओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने तथा किसी भी संभावित समस्या का समय रहते समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजीव राज, अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी जालौन रिन्कू सिंह राही, समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, धर्मगुरु, ताजियादार तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की कि मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाते हुए जनपद की समृद्ध सामाजिक परंपराओं को बनाए रखने में सहयोग करें।