पहुज नदी में दर्दनाक हादसा, नहाने गए तीन युवकों की डूबने से मौत मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पहुंचकर संभाली स्थिति

संवाददाता, उरई/जालौन

जनपद जालौन के माधौगढ़ क्षेत्र स्थित ग्राम गोपालपुरा के निकट पहुज नदी में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें मध्य प्रदेश के भिंड जनपद से आए तीन युवकों की डूबने से मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के भिंड जनपद के थाना मिहौना क्षेत्र स्थित ग्राम लिधौरा निवासी जगमोहन बघेल (19 वर्ष), सुधीर बघेल (15 वर्ष) तथा अवनीश यादव (20 वर्ष) सहित कुल 17 युवक एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए क्षेत्र में आए थे। इसी दौरान सभी युवक घूमने एवं स्नान करने के उद्देश्य से ग्राम गोपालपुरा के निकट पहुज नदी पहुंचे। स्नान के दौरान तीनों युवक अनजाने में गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

साथ मौजूद अन्य युवकों एवं स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोरों तथा एसडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाया गया। व्यापक खोज एवं बचाव अभियान चलाकर तीनों युवकों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया तथा पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। अधिकारियों ने एसडीआरएफ एवं अन्य एजेंसियों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित कराने के निर्देश दिए।

प्रशासन द्वारा मध्य प्रदेश सरकार से समन्वय स्थापित कर मृतकों के शव सम्मानपूर्वक उनके परिजनों को सौंपने तथा आवश्यक प्रशासनिक एवं विधिक औपचारिकताओं को शीघ्र पूर्ण कराने की व्यवस्था की गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की आपराधिक घटना सामने नहीं आई है। प्रथम दृष्टया यह हादसा स्नान के दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण हुआ प्रतीत होता है। मामले की जांच जारी है।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जनसामान्य से अपील की है कि वर्षा ऋतु के दौरान नदी, तालाब एवं अन्य जलाशयों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए गहरे एवं असुरक्षित क्षेत्रों में स्नान करने से बचें तथा सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करें, जिससे इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *