संवाददाता
कानपुर देहात
होली पर्व के पावन अवसर पर पुलिस लाइन परिसर में पारंपरिक विधि-विधान के साथ होलिका दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने पूरे विधि-विधान से होलिका दहन कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं सुरक्षा की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को होली के पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सजग और कर्तव्यनिष्ठ रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि होली आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव का प्रतीक पर्व है। सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए यह सुनिश्चित करें कि जनपद में कहीं भी कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।
उन्होंने निर्देशित किया कि त्योहार के दौरान सतत गश्त की जाए, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की अफवाह की स्थिति में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
होलिका दहन के उपरांत पुलिस लाइन परिसर में रंगोत्सव का उत्साह देखने को मिला। पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और सभी से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान पूरा वातावरण सौहार्द और भाईचारे के रंगों से सराबोर हो गया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी जनपद में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। जनपद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली का पर्व शांति और आपसी सम्मान के साथ मनाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 या नजदीकी थाना से संपर्क करें।