कृषि एवं सहकारिता क्षेत्र को तकनीक से जोड़ने की दिशा में पहल, उर्वरक सेतु मोबाइल ऐप और को-ऑपरेटिव डेटाबेस सेंटर ऐप का भी लोकार्पण
संवाददाता / कानपुर देहात
कानपुर देहात। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ में आयोजित ‘भारत टैक्सी’ एवं ‘मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना’ के शुभारंभ कार्यक्रम का बुधवार को कानपुर देहात के विकास भवन सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम के दौरान किसानों के कल्याण, कृषि क्षेत्र के आधुनिकीकरण तथा सहकारिता व्यवस्था को तकनीक आधारित एवं अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई।
ई-पोर्टल और दो मोबाइल ऐप का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के ई-पोर्टल का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही सहकारिता विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से विकसित ‘उर्वरक सेतु मोबाइल ऐप’ तथा उत्तर प्रदेश को-ऑपरेटिव डेटाबेस सेंटर के मोबाइल ऐप का भी लोकार्पण किया गया।
इन डिजिटल सेवाओं के माध्यम से किसानों को कृषि एवं सहकारिता से जुड़ी सुविधाएं अधिक सरल, पारदर्शी और सुगम तरीके से उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। अधिकारियों ने किसानों को डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी भी दी।
राज्य मंत्री ने किसानों को वितरित किए केसीसी ऋण के चेक
विकास भवन सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अजीत सिंह पाल, अन्य जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी कपिल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
उपस्थित लोगों ने लखनऊ से प्रसारित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री अजीत सिंह पाल ने किसानों को सम्मानित किया। साथ ही पात्र कृषकों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण के चेक एवं अन्य योजनाओं के लाभ वितरित किए गए। लाभ प्राप्त करने वाले किसानों ने कृषि एवं सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
डिजिटल सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील
अधिकारियों ने किसानों को बताया कि डिजिटल माध्यमों के इस्तेमाल से सरकारी योजनाओं और कृषि एवं सहकारिता से जुड़ी सेवाओं की पहुंच को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। किसानों को पात्रता के अनुसार संबंधित योजनाओं का लाभ लेने तथा उपलब्ध डिजिटल सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से कृषि एवं सहकारिता क्षेत्र को आधुनिक तकनीक से जोड़ने तथा किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक सुगमता से पहुंचाने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।