संवाददाता
कानपुर देहात
महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में कानपुर देहात पुलिस द्वारा “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के अंतर्गत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया।
इस अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा बाजारों, सार्वजनिक स्थानों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों, कानूनी अधिकारों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा साइबर अपराधों से बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें किसी भी प्रकार के अपराध से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी देना है। इस दौरान महिलाओं को 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) तथा 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।
इसके साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने की प्रक्रिया भी बताई गई। पुलिस टीमों ने महिलाओं को सोशल मीडिया और इंटरनेट के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग और फर्जी खातों से धोखाधड़ी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के सुझाव भी दिए।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम तथा आईटी एक्ट से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर किसी भी स्थिति में कानून की मदद ले सकें।