संवाददाता
कानपुर देहात
जनपद कानपुर देहात की रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में होली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और पुलिस परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल व अबीर लगाकर होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम स्थल पर रंगों, उल्लास और उमंग का अनोखा संगम देखने को मिला। पूरे परिसर में प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि होली केवल रंगों का ही नहीं, बल्कि प्रेम, एकता और सद्भाव का भी पर्व है। यह त्योहार आपसी मतभेदों को भुलाकर समाज में सकारात्मकता और नई ऊर्जा का संचार करता है।
उन्होंने पुलिस परिवार के सभी सदस्यों से अपील की कि वे समाज में भी इसी प्रकार प्रेम और सद्भाव का संदेश फैलाएं तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करते रहें।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारीगण, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे आरक्षीगण भी उपस्थित रहे।