संवाददाता | कानपुर देहात
मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत दिनांक 07 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, आत्मनिर्भरता, कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में तुरंत सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के उपयोग के बारे में भी जागरूक किया।
जागरूकता कार्यक्रम में 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 इमरजेंसी सेवा एवं 1076 पुलिस कंट्रोल रूम की जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का तत्काल उपयोग करने की अपील की गई।
पुलिस टीमों ने महिलाओं को UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं की जानकारी दी तथा सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल, ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं अन्य साइबर ठगी से बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए।
इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को पॉक्सो अधिनियम (POCSO), दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त कानूनी अधिकारों की जानकारी देकर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
कानपुर देहात पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करना तथा अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी रूप से लागू करना है। इसी उद्देश्य के तहत जनपद में यह जागरूकता अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।
पुलिस विभाग ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में बिना संकोच निकटतम पुलिस थाने या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सशक्त समाज के निर्माण में पुलिस प्रशासन हर कदम पर उनके साथ है।