संवाददाता | कानपुर देहात
महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को समर्पित अभियान “मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण)” के अंतर्गत दिनांक 07 जून 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन कानपुर देहात स्थित सभागार में ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ की शुरुआत पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में की गई।
कार्यक्रम के दौरान कुल 35 पारिवारिक मामलों की सुनवाई की गई। प्रोजेक्ट नई किरण से जुड़े सदस्यों द्वारा पति-पत्नी एवं परिजनों की काउंसलिंग कर आपसी मतभेद दूर करने का प्रयास किया गया, जिसके परिणामस्वरूप 4 परिवारों में आपसी सहमति के आधार पर समझौता कराया गया। समझौते के बाद पति-पत्नी पुनः खुशी-खुशी साथ रहने के लिए तैयार हो गए।
शेष मामलों में विस्तृत परामर्श एवं समाधान के लिए अगली तिथि निर्धारित की गई है, ताकि प्रत्येक परिवार की समस्या का संवेदनशील एवं सकारात्मक समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में संचालित यह पहल पारिवारिक विवादों को न्यायालय तक पहुंचने से पहले संवाद एवं आपसी समझ के माध्यम से सुलझाने का प्रयास है। प्रोजेक्ट नई किरण का मुख्य उद्देश्य टूटते रिश्तों को जोड़ना, परिवारों में सामंजस्य स्थापित करना तथा महिलाओं एवं बच्चों के लिए सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण पारिवारिक वातावरण तैयार करना है।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी ललिता मेहता, महिला हेड कांस्टेबल जयमाला, महिला कांस्टेबल रीनू, रंजना सोनकर, शालू देवी, पिंकी देवी (महिला सहायता प्रकोष्ठ) सहित प्रोजेक्ट नई किरण की सदस्य श्रीमती कंचन मिश्रा एवं डॉ. पूनम गुप्ता ने सक्रिय भूमिका निभाई और परिवारों के मध्य संवाद स्थापित कर समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।