मिशन शक्ति 5.0: कानपुर देहात पुलिस का महिला सुरक्षा व जागरूकता अभियान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को किए जागरूक, हेल्पलाइन व कानूनी अधिकारों की दी जानकारी

संवाददाता | कानपुर देहात

मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत कानपुर देहात पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में 22 अप्रैल 2026 को जनपद भर में संचालित किया गया।

अभियान के दौरान जनपदीय थाना पुलिस ने बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया। उन्हें महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

पुलिस टीमों ने इस दौरान महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की, जिनमें 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) तथा 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) शामिल हैं।

इसके अलावा, यूपी कॉप (UPCOP) ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ लेने और सोशल मीडिया पर बढ़ रहे साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग और फर्जी प्रोफाइल से जुड़ी धोखाधड़ी से बचाव के उपाय भी बताए गए।

अभियान के अंतर्गत महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए पोक्सो एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के बारे में भी जागरूक किया गया।

पुलिस विभाग ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर वातावरण प्रदान करना है। साथ ही समाज में अपराध के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति को मजबूत करना भी इसका मुख्य लक्ष्य है।

कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *