संवाददाता | कानपुर देहात
मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद कानपुर देहात में महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा संचालित किया गया।
अभियान के दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस दौरान महिला हेल्पलाइन 181, महिला शक्ति लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, इमरजेंसी हेल्पलाइन 112 तथा पुलिस कंट्रोल रूम 1076 सहित विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं को UPCOP ऐप के माध्यम से मिलने वाली पुलिस सेवाओं के बारे में भी अवगत कराया गया।
पुलिस द्वारा सोशल मीडिया और इंटरनेट के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए। इसके अलावा महिलाओं एवं बालिकाओं को पॉक्सो एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई।
कानपुर देहात पुलिस ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर वातावरण उपलब्ध कराना है। पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाने अथवा हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। हम सभी मिलकर एक सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सशक्त समाज का निर्माण करें।