जिलाधिकारी ने व्यापार मंडल एवं सर्राफा व्यापारियों के साथ की बैठक

संवाददाता | कानपुर देहात

तहसील सभागार अकबरपुर तहसील में जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, सर्राफा व्यापारियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं सर्राफा व्यापारियों से संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याएं, सुझाव एवं शंकाओं को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक जानकारियां प्रदान कीं।

उन्होंने सर्राफा व्यापारियों से माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बुलियन एवं सोना न खरीदने की अपील का पालन करने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने व्यापारियों से शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यापारिक गतिविधियां संचालित करने, पारदर्शिता बनाए रखने तथा नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने की अपील की।

उन्होंने व्यापार मंडल एवं सर्राफा व्यापारियों से कहा कि वे शासन की अपील को जन-जन तक पहुंचाएं और आमजन को जागरूक करने में सहयोग करें।

बैठक में अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट नीलिमा यादव, डिप्टी कमिश्नर राज्य कर अच्छे लाल सिंह, अमित कुमार अग्रवाल, असिस्टेंट कमिश्नर राज्य कर श्याम रीत वर्मा, राज्य कर अधिकारी विवेक बिश्नोई सहित संबंधित अधिकारी, व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं सर्राफा व्यापारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *