संवाददाता
कानपुर देहात
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के अंतर्गत अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को माह अगस्त 2026 के लिए आवंटित खाद्यान्न के निःशुल्क वितरण की तिथि बढ़ाकर 25 अगस्त 2026 तक कर दी गई है।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अगस्त माह का खाद्यान्न 05 अगस्त से 18 अगस्त 2026 तक वितरित किया जाना था। किंतु कतिपय जनपदों में कांवड़ यात्रा के कारण खाद्यान्न के उठान एवं वितरण का कार्य अपेक्षित गति से न होने के चलते खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा वितरण की अंतिम तिथि 25 अगस्त 2026 तक विस्तारित कर दी गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने समस्त राशन कार्डधारकों से अपील की है कि वे 25 अगस्त 2026 तक अपने उचित दर विक्रेता (राशन की दुकान) से निर्धारित मात्रा में निःशुल्क खाद्यान्न प्राप्त कर लें। ई-पॉस मशीन के माध्यम से आधार आधारित प्रमाणीकरण द्वारा खाद्यान्न का वितरण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त मोबाइल ओटीपी के माध्यम से वितरण की सुविधा 18 अगस्त के साथ-साथ 25 अगस्त 2026 को भी उपलब्ध रहेगी।
राशन कार्ड के अनुसार खाद्यान्न की मात्रा
अंत्योदय राशन कार्ड:
- 14 किग्रा गेहूं
- 21 किग्रा चावल
- कुल 35 किग्रा खाद्यान्न प्रति कार्ड
पात्र गृहस्थी राशन कार्ड:
- 02 किग्रा गेहूं
- 03 किग्रा चावल
- कुल 05 किग्रा खाद्यान्न प्रति यूनिट
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि सभी राशन कार्डधारक अपने राशन कार्ड में दर्ज शेष यूनिटों की ई-केवाईसी भी अपने नजदीकी उचित दर विक्रेता की दुकान पर जाकर अनिवार्य रूप से करा लें। ई-केवाईसी पूर्ण न होने वाली यूनिट को इस माह खाद्यान्न का लाभ नहीं मिल सकेगा। ई-केवाईसी पूर्ण होने के बाद संबंधित यूनिट का खाद्यान्न आगामी माह में प्राप्त किया जा सकेगा।
वितरण चक्र के दौरान राशन कार्डधारक पोर्टेबिलिटी सुविधा के माध्यम से भी निर्धारित वितरण दिवसों पर, स्टॉक की उपलब्धता के अनुसार, खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे।
यदि किसी कार्डधारक को आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से खाद्यान्न प्राप्त करने में किसी प्रकार की समस्या होती है, तो वह 18 अगस्त 2026 एवं 25 अगस्त 2026 को मोबाइल ओटीपी वेरिफिकेशन सुविधा के माध्यम से भी अपना खाद्यान्न प्राप्त कर सकता है।
जिला पूर्ति विभाग ने सभी पात्र लाभार्थियों से निर्धारित अवधि के भीतर राशन प्राप्त करने तथा राशन कार्ड में दर्ज सभी पात्र यूनिटों की ई-केवाईसी समय से पूर्ण कराने की अपील की है।