महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए मिशन शक्ति अभियान, कानपुर देहात पुलिस ने महिलाओं को किया जागरूक

संवाददाता | कानपुर देहात

कानपुर देहात। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत शनिवार को जनपदभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, स्कूल-कॉलेजों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों तथा सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महिलाओं को बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, उत्पीड़न अथवा अन्य अपराध की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत पुलिस से संपर्क करें। महिलाओं को विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 वूमेन पावर लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा तथा 1076 पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल कर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।

पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को UPCOP ऐप के बारे में भी जानकारी दी और बताया कि इस ऐप के माध्यम से घर बैठे कई पुलिस सेवाओं का लाभ लिया जा सकता है। साथ ही ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने, शिकायत की स्थिति जानने तथा अन्य आवश्यक सेवाओं का उपयोग करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए महिलाओं को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस ने फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, ओटीपी ठगी, डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या मैसेज पर भरोसा न करने की सलाह दी।

अभियान के दौरान महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की भी विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें POCSO अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम सहित महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनों की जानकारी देकर बताया गया कि कानून हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में सुरक्षित वातावरण स्थापित करना है। उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि यदि उनके साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटित होती है या उन्हें किसी प्रकार का खतरा महसूस होता है, तो बिना किसी संकोच के तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक शिकायत पर त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *