अपर पुलिस अधीक्षक ने किया कोतवाली कोंच का औचक निरीक्षण, अभिलेखों की जांच कर दिए आवश्यक निर्देश

संवाददाता | उरई/जालौन

जालौन। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा थाना स्तर पर पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक, जालौन ने कोतवाली कोंच का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा अभिलेखों की जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, एचएस इंडेक्स एवं थाना कार्यालय के अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, अद्यतन प्रविष्टियों तथा कार्यालयीय कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें नियमानुसार व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में समस्त विवेचकों का अर्दली रूम आयोजित किया। बैठक में लंबित विवेचनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई तथा सभी विवेचकों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से विवेचनाओं का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने वांछित एवं फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने, अपराधियों के विरुद्ध सतत अभियान चलाने तथा अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। साथ ही महिला संबंधी अपराधों, साइबर अपराधों एवं अन्य गंभीर मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना पुलिस को जनता के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने, प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण करने तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें, ताकि आमजन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *