मतदेय स्थलों के संभाजन को लेकर आज होगी बैठक, जिलाधिकारी करेंगे अध्यक्षता

संवाददाता | कानपुर देहात

जनपद कानपुर देहात में 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदेय स्थलों के संभाजन (Rationalization) के संबंध में आज 16 जुलाई 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी करेंगे।

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जनपद में 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदेय स्थलों के संभाजन की कार्यवाही की जा रही है। इसके तहत मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन कराने के उपरांत संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ)/उप जिलाधिकारियों द्वारा विधानसभा वार आलेख्य सूची तैयार कर मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई है।

उन्होंने बताया कि राजनीतिक दलों से प्राप्त प्रस्तावों एवं सुझावों पर विचार-विमर्श करने के लिए 16 जुलाई 2026 को अपराह्न 12:15 बजे कलेक्ट्रेट सभागार, कानपुर देहात में बैठक आयोजित होगी। बैठक में मतदेय स्थलों के प्रस्तावित संभाजन पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय तथा राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होकर अपने सुझाव प्रस्तुत करने का अनुरोध किया है, ताकि मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदेय स्थलों का युक्तिसंगत, प्रभावी एवं पारदर्शी संभाजन सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *