जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की संवेदनशील पहल, 80 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग को मौके पर मिली बड़ी राहत
संवाददाता | उरई/जालौन
जनपद जालौन में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की जनसुनवाई एक बार फिर संवेदनशील प्रशासन की मिसाल बनी। नियमित जनसुनवाई के दौरान दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए जिलाधिकारी ने एक दिव्यांग व्यक्ति की परेशानी पर तत्काल संज्ञान लिया और मौके पर ही बैटरी चालित ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम अकबरपुर इटौरा निवासी बलवान सिंह ने जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र देकर बताया कि वह 80 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग हैं। दोनों पैरों से चलने-फिरने में असमर्थ होने के कारण उन्हें दैनिक जीवन के सामान्य कार्यों में भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
फरियादी की समस्या सुनते ही जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी नीरज चौधरी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों ने सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए मौके पर ही बलवान सिंह को बैटरी चालित ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा दी।
ट्राइसाइकिल मिलते ही बलवान सिंह के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें अपने दैनिक कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह ट्राइसाइकिल उनके लिए नई जिंदगी की शुरुआत के समान है और इससे उनका जीवन पहले की अपेक्षा अधिक आसान एवं सम्मानजनक होगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र दिव्यांग, असहाय एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे सभी पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें बिना किसी विलंब के शासन की योजनाओं से लाभान्वित किया जाए, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी सहायता से वंचित न रहे।