संवाददाता | कानपुर देहात
जनपद कानपुर देहात में जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशानुसार एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में शुक्रवार को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) अकबरपुर में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आई.एच. खान ने की।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना, बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने की परंपरा को बढ़ावा देना तथा महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा। इस दौरान नवजात बालिकाओं के जन्म पर उनके परिजनों को शुभकामनाएं देते हुए कन्या जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आई.एच. खान ने अस्पताल में जन्मी 06 नवजात बालिकाओं को बेबी केयर किट वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बेटियां परिवार, समाज और देश की अमूल्य धरोहर हैं तथा उनकी शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक प्रतिमा श्रीवास्तव ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए पात्र परिवारों से समयबद्ध तरीके से आवेदन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि यह योजना बालिकाओं के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा तक आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर महिलाओं एवं उपस्थित अभिभावकों को जागरूक करते हुए कहा गया कि बेटा और बेटी दोनों समान हैं तथा दोनों को शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के समान अवसर मिलने चाहिए। कार्यक्रम में कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीति के दुष्परिणामों पर भी विस्तार से चर्चा की गई और लोगों से इस कुप्रथा के खिलाफ जागरूक होकर समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने का आह्वान किया गया।
महिला कल्याण विभाग की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए उपस्थित लोगों को पोस्टर एवं पम्पलेट वितरित किए गए। अधिकारियों ने बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, पोषण एवं सशक्तिकरण से संबंधित योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आई.एच. खान, डॉ. रानी देवी, स्टाफ नर्स, जिला प्रोबेशन कार्यालय से जिला मिशन समन्वयक प्रतिमा श्रीवास्तव, जेंडर स्पेशलिस्ट निधि यादव, नवजात बालिकाओं के माता-पिता, प्रशिक्षु एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा और शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प लिया तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।