संवाददाता | कानपुर देहात
जनपद में लगातार बढ़ रही गर्मी एवं हीट वेव (लू) के प्रभाव को देखते हुए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य द्वारा आमजन की सुरक्षा एवं बचाव हेतु विस्तृत एडवाइजरी जारी की गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां अपनाने की अपील की है।
क्या करें
- घर से बाहर निकलते समय शरीर को पूरी तरह ढककर रखें तथा हल्के रंग के आरामदायक कपड़े पहनें।
- धूप में निकलते समय गमछा, टोपी, छाता, चश्मा एवं जूते का प्रयोग करें।
- समय-समय पर शीतल जल, नींबू पानी, शिकंजी, नारियल पानी एवं अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहें।
- घर एवं कार्यस्थल पर सीधी धूप से बचने के लिए पर्दे आदि की व्यवस्था करें।
- यात्रा के दौरान अपने साथ पानी की बोतल अवश्य रखें तथा गीले कपड़े को चेहरे, सिर एवं गर्दन पर रखें।
- गर्मी के दिनों में ओआरएस घोल का सेवन करें।
- जानवरों को छायादार स्थान पर रखें और उन्हें पर्याप्त पानी उपलब्ध कराएं।
- बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें।
- रात में घर की खिड़कियां खुली रखें ताकि वेंटिलेशन बना रहे।
- हीट स्ट्रोक या लू के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में संपर्क करें।
क्या न करें
- दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच तेज धूप में बाहर निकलने से बचें।
- धूप में खड़े वाहनों में बच्चों एवं पालतू जानवरों को अकेला न छोड़ें।
- नंगे पैर या बिना शरीर ढके धूप में न जाएं।
- अत्यधिक प्रोटीन युक्त एवं बासी भोजन का सेवन न करें।
- गहरे एवं चटक रंग के कपड़े पहनने से बचें।
- तंग एवं छोटे कपड़ों का प्रयोग न करें, विशेषकर धूप में जाते समय।
- अत्यधिक गर्म एवं बंद स्थानों पर भोजन पकाने से बचें।
- शराब, चाय, कॉफी, सॉफ्ट ड्रिंक एवं अत्यधिक कार्बोहाइड्रेट युक्त पेय पदार्थों का अधिक सेवन न करें।
- तेज धूप एवं अत्यधिक गर्मी में भारी श्रम कार्य करने से बचें।
प्रशासन द्वारा अपील की गई है कि किसी भी आपात स्थिति में सहायता हेतु हेल्पलाइन नंबर 108 एवं 1077 पर संपर्क करें।