किसान दिवस में किसानों की समस्याएं सुनी गईं, विभागीय योजनाओं की दी गई जानकारी

संवाददाता | कानपुर देहात

शासन के निर्देशानुसार मई माह के तृतीय बुधवार को विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी, भारतीय किसान यूनियन (अराज.) के मंडल अध्यक्ष रशीद अहमद आजाद तथा जनपद के 35 किसानों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम की शुरुआत उप कृषि निदेशक हरीशंकर भार्गव ने अधिकारियों, किसान प्रतिनिधियों एवं प्रगतिशील किसानों के स्वागत के साथ की। उन्होंने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराने की सलाह दी और बताया कि बिना रजिस्ट्री विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं हो सकेगा।

जिला उद्यान अधिकारी ने किसानों को बागवानी मिशन योजना, फल एवं सब्जी उत्पादन, ड्रिप इरिगेशन, स्प्रिंक्लर सिंचाई तथा मशरूम खेती के लाभों की जानकारी दी। साथ ही डीग में संचालित हाई-टेक नर्सरी के बारे में भी अवगत कराया गया।

जिला कृषि अधिकारी ने आगामी खरीफ सीजन के लिए खाद एवं बीज की उपलब्धता की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। उन्होंने किसानों को ऑनलाइन बीज बुकिंग की जानकारी भी दी। साथ ही बढ़ती गर्मी एवं लू से बचाव के उपाय बताते हुए किसानों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक खेतों में कार्य न करने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने तथा पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी। फसलों को बचाने के लिए सुबह या शाम के समय सिंचाई एवं मल्चिंग अपनाने की जानकारी भी दी गई।

जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने खरीफ फसलों में लगने वाले कीट एवं रोगों से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी तथा बताया कि कृषि रक्षा रसायनों की पर्याप्त उपलब्धता जनपद में है।

उपायुक्त मनरेगा ने किसानों को जानकारी दी कि जल बहाव से बंद हुई कच्ची नालियों की जल्द खुदाई कराई जाएगी, जिससे नहर एवं नलकूप से सिंचाई व्यवस्था सुचारु हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *