प्रेस विज्ञप्ति दिनांक: 21.04.2026 | जनपद कानपुर देहात

पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय द्वारा अकबरपुर में पैदल गश्त एवं जनसंवाद, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

आज दिनांक 21.04.2026 को पुलिस अधीक्षक महोदया कानपुर देहात श्रीमती श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय द्वारा थाना अकबरपुर क्षेत्रांतर्गत कस्बा अकबरपुर में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की गई। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक श्री आलोक प्रसाद, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर श्री संजय कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात श्री राजीव सिरोही, प्रभारी निरीक्षक अकबरपुर श्री हरमीत सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

पुलिस अधीक्षक महोदया ने कस्बे के विभिन्न प्रमुख मार्गों, बाजारों, चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों का गहन निरीक्षण किया। गश्त के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों से संवाद स्थापित किया तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों को विस्तारपूर्वक सुना।

महोदया द्वारा दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की गई तथा जिन प्रतिष्ठानों पर कैमरे नहीं पाए गए, उन्हें शीघ्र सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने हेतु प्रेरित किया गया, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।

जनसंवाद के दौरान नागरिकों द्वारा क्षेत्र की कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी विषयों पर दिए गए सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक महोदया ने सभी नागरिकों एवं व्यापारियों को आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन उनकी जान-माल एवं सम्मान की सुरक्षा हेतु पूर्णतः तत्पर एवं प्रतिबद्ध है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अपराध या अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल नजदीकी थाने या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *