जिलाधिकारी ने की कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की मासिक समीक्षा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

कानपुर देहात | 21 अप्रैल 2026

जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट, कानपुर देहात में आयोजित की गई। बैठक में स्टाम्प, आबकारी, वाणिज्यकर, परिवहन, विद्युत, वन, खनिज तथा बाट-माप सहित विभिन्न विभागों की राजस्व वसूली की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि वार्षिक राजस्व लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति हेतु प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने बड़े बकायेदारों पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा लंबित राजस्व वादों, स्टाम्प वादों, ऑडिट आपत्तियों एवं बेदखली वादों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में एंटी भू-माफिया अभियान के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने शासन के निर्देशों के क्रम में आईजीआरएस, तहसील दिवस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तथा माननीय जनप्रतिनिधियों के संदर्भों से प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण के दौरान शिकायतकर्ता से अनिवार्य रूप से संपर्क स्थापित कर फीडबैक प्राप्त किया जाए, जिससे समाधान की वास्तविक गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक जनसुनवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस दौरान आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान किया जाए।

इसके साथ ही उन्होंने क्रय केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने एवं नियमित निरीक्षण किए जाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं अधिशासी अधिकारी नगर निकाय उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *