17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, सेवा, सुशासन और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
संवाददाता / उरई-जालौन
उरई। प्रदेश सरकार के गन्ना, विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के राज्यमंत्री एवं जनपद जालौन के प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार ने विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर शासन की प्राथमिकताओं एवं आगामी ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को अभियान के सभी कार्यक्रमों का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और जनपद की उपलब्धियों को प्रमाणिक रूप से जनता के सामने लाया जाए। उन्होंने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य 25 वर्षों की जनसेवा से जुड़ी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प से जोड़ना है।
12 प्रमुख कार्यक्रमों के माध्यम से जनभागीदारी पर जोर
जिलाधिकारी ने बैठक में अभियान की कार्ययोजना की जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के तहत 12 प्रमुख कार्यक्रम, त्रिस्तरीय समन्वय व्यवस्था, साप्ताहिक समीक्षा तथा डेटा संकलन एवं डिजिटलाइजेशन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कार्ययोजना के अनुसार ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर को शाम 7 बजे दीप प्रज्वलन, रक्तदान एवं दिव्यांगजन कल्याण से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में कक्षा 5 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। उच्च शिक्षण संस्थानों में डिबेट एवं प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों को अभियान से जोड़ा जाएगा।
‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत 18 से 20 कलाकारों की टोलियों द्वारा गांव-गांव पहुंचकर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सेवा, सुशासन एवं विकास की कहानियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
इसी प्रकार ‘आंगन मिलन सेवा’ के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें कार्यकत्रियों, आशा दीदियों एवं उत्कृष्ट माताओं का सम्मान, स्वस्थ बेबी प्रतियोगिता तथा पोषण सामग्री का वितरण किया जाएगा।
लाभार्थियों की सफलता की कहानियां डिजिटल माध्यम से होंगी साझा
अभियान के तहत ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों पर 60 सेकंड की रील तैयार की जाएंगी। इसके साथ ही डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स को जनपद की परिवर्तनकारी परियोजनाओं का भ्रमण कराकर विकास कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से जल, जन और सेवा के संवाद को बढ़ावा दिया जाएगा। वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, शिक्षा, जल संरक्षण, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति, पोषण, वोकल फॉर लोकल एवं गौशाला सेवा सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों में जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में न्यूनतम दो स्थलों का कायाकल्प कराने के साथ 25 मिनट के श्रमदान का भी प्रावधान रखा गया है।
युवाओं और विद्यार्थियों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा
‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के अंतर्गत भारत मंडल एवं मानव रंगोली जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। वहीं ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों एवं स्टार्टअप्स को अपनी नवाचार क्षमता प्रदर्शित करने के लिए राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने की योजना है।
‘सुशासन सेवा संवाद’ के तहत जनप्रतिनिधियों द्वारा विकसित भारत-2047 के संकल्प से संबंधित कार्यक्रम एवं वंदे मातरम् गायन प्रस्तावित है।
अभियान के दौरान प्रमुख स्मारकों पर लेजर शो, तीर्थस्थलों पर महायज्ञ एवं विशेष अनुष्ठान, 25 सितंबर को पुस्तकालयों का लोकार्पण तथा ग्राम चौपालों के माध्यम से आमजन से सीधा संवाद भी आयोजित किया जाएगा।
विकास कार्यों और उपलब्धियों का तैयार होगा डेटा-बैंक
अभियान के अंतर्गत जनपद के महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों, अवस्थापना एवं कनेक्टिविटी परियोजनाओं, शिक्षा एवं कौशल, स्वास्थ्य एवं खेल, पंचायती राज एवं सुशासन तथा ओडीओपी एवं स्थानीय उद्यमियों की सफलता की कहानियों का डेटा-बैंक तैयार किया जाएगा।
प्रभारी मंत्री ने अपर जिला सूचना अधिकारी को अभियान की मीडिया कवरेज, सफलता की कहानियों एवं रील्स का व्यापक प्रचार-प्रसार, प्रिंट मीडिया के साथ समन्वय, जनपद की उपलब्धियों पर लेख एवं साक्षात्कार, सोशल मीडिया कार्ययोजना तथा इन्फ्लुएंसर प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यह अभियान महत्वपूर्ण है और सभी विभाग आपसी समन्वय से इसे जनभागीदारी एवं सेवा भावना का व्यापक स्वरूप दें, जिससे सेवा, सुशासन और विकास का संदेश प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
ये रहे मौजूद
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचन्द्र निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, जलशक्ति मंत्री प्रतिनिधि अरविंद चौहान, जिलाधिकारी समीर, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण एवं समस्त जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।