प्रधानमंत्री के 12 वर्ष पूर्ण होने पर चिकित्सकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान थीम पर जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां साझा, आयुष्मान कार्ड व पोषण पोटली वितरित

संवाददाता | कानपुर देहात

माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुशासन एवं जनसेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद कानपुर देहात में “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” थीम पर आधारित चिकित्सकों के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम्य विकास विभाग के आयुक्त एवं जनपद के नोडल अधिकारी वरिष्ठ आईएएस अधिकारी जी.एस. प्रियदर्शी ने की। इस अवसर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नोडल अधिकारी जी.एस. प्रियदर्शी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने पारदर्शी एवं जनोन्मुखी शासन व्यवस्था के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में संचालित योजनाओं ने आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि शासन की स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में चिकित्सकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों के सहयोग से जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं जनहितकारी बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं की उपलब्धियों की जानकारी चिकित्सकों के साथ साझा की गई। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, जिससे वे निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

इसके अतिरिक्त क्षय रोग (टीबी) उन्मूलन अभियान के अंतर्गत मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पोषण पोटली वितरित की गई। नोडल अधिकारी ने कहा कि टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जनभागीदारी के साथ मरीजों को उपचार एवं उचित पोषण दोनों उपलब्ध कराना आवश्यक है।

संवाद कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों ने भी अपने सुझाव साझा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने पर बल दिया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जयगोविन्द, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, एसीएमओ डॉ. सुखलाल वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में चिकित्सक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाना तथा स्वास्थ्य क्षेत्र में जनसहभागिता को और मजबूत बनाना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *