संवाददाता | कानपुर देहात
मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपदीय थाना पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिला हेल्पलाइन 181, महिला शक्ति लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, इमरजेंसी हेल्पलाइन 112 तथा पुलिस कंट्रोल रूम 1076 सहित विभिन्न आपातकालीन सेवाओं की जानकारी दी और आवश्यकता पड़ने पर उनका तत्काल उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को यूपीकॉप (UPCOP) ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं की जानकारी देते हुए साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं अन्य डिजिटल अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए।
इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को पॉक्सो अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर वातावरण उपलब्ध कराना तथा अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी बनाना है। उन्होंने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में बिना संकोच निकटतम पुलिस थाने अथवा हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।
जनपद पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह जागरूकता अभियान महिलाओं की सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति समाज में विश्वास मजबूत करने और एक सुरक्षित, जागरूक एवं सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर जारी है।