पुलिस अधीक्षक ने आधुनिक इंटरसेप्टर मोटरसाइकिलों को दिखाई हरी झंडी, यातायात व्यवस्था होगी और अधिक सशक्त

संवाददाता | उरई/जालौन

जनपद जालौन में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने एवं यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पुलिस अधीक्षक जालौन ने शुक्रवार को यातायात पुलिस के लिए उपलब्ध कराई गई दो आधुनिक इंटरसेप्टर मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इन आधुनिक इंटरसेप्टर मोटरसाइकिलों के संचालन से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी। साथ ही ओवरस्पीड, लापरवाही एवं नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध त्वरित और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित होगी, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में भी मदद मिलेगी।

यातायात पुलिस को उपलब्ध कराई गई रॉयल एनफील्ड हंटर मॉडल की इंटरसेप्टर मोटरसाइकिलें अत्याधुनिक तकनीकी उपकरणों से सुसज्जित हैं। इनमें स्पीड लेजर गन के माध्यम से तेज रफ्तार वाहनों की पहचान करने की सुविधा, ई-चालान कैमरा, मल्टी टोन सायरन, पब्लिक एड्रेस (पी.ए.) सिस्टम, फ्लैशर एवं वार्निंग लाइट सहित अन्य आधुनिक तकनीकी उपकरण लगाए गए हैं।

इन उपकरणों की सहायता से यातायात पुलिस सड़क पर तेज गति से चलने वाले वाहनों की निगरानी कर सकेगी, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों का मौके पर ही ई-चालान किया जा सकेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल रोककर विधिक कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही पी.ए. सिस्टम के माध्यम से आम नागरिकों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। आधुनिक संसाधनों के उपयोग से यातायात पुलिस की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और सड़क सुरक्षा से जुड़े अभियान अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकेंगे।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, यातायात नियमों का सम्मान करें तथा स्वयं भी सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग दें।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आधुनिक तकनीक के उपयोग पर बल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *