उरई/जालौन | संवाददाता
पुलिस अधीक्षक जालौन ने साइबर थाना का आकस्मिक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय के अभिलेखों, साइबर अपराध शिकायत रजिस्टर, लंबित प्रकरणों, साइबर हेल्प डेस्क, महिला हेल्प डेस्क, तकनीकी उपकरणों, डिजिटल साक्ष्य कक्ष तथा मालखाना सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों के समुचित रखरखाव एवं अद्यतन करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित साइबर शिकायतों एवं विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने, साइबर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए जन-जागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही थाना परिसर में साफ-सफाई, अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण एवं कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने पर बल दिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि साइबर अपराधों की रोकथाम एवं त्वरित निस्तारण के लिए पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि आमजन को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सके।