अपर जिलाधिकारी ने अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश

कानपुर देहात | संवाददाता

जनपद में अभियोजन कार्यों की प्रगति एवं लंबित प्रकरणों के प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में न्यायालयों में लंबित मामलों, प्रभावी पैरवी, साक्ष्य प्रस्तुतिकरण एवं विभागीय समन्वय की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी ने अभियोजन अधिकारियों एवं शासकीय अधिवक्ताओं को निर्देशित किया कि सभी मामलों में गुणवत्तापूर्ण, तथ्यपरक एवं प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए, ताकि गंभीर एवं महत्वपूर्ण प्रकरणों में समयबद्ध न्याय दिलाया जा सके।

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अभियोजन कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक शिथिलता अथवा विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि लंबित प्रकरणों की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समयावधि में अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

अपर जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग एवं अभियोजन अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि साक्ष्य संकलन, केस डायरी की समय से उपलब्धता, गवाहों की उपस्थिति तथा अन्य न्यायिक औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए, जिससे अभियोजन कार्यों की गुणवत्ता और सफलता दर में सुधार हो सके।

उन्होंने कहा कि लंबित मामलों की निरंतर समीक्षा की जाएगी तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, संयुक्त निदेशक अभियोजन अजय श्रीवास्तव, एसपीओ अविनाश सिंह चतुर्वेदी सहित अभियोजन एवं पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *