संवाददाता
कानपुर देहात
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को जन-जन तक पहुंचाने एवं अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद कानपुर देहात में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को विकासखंड डेरापुर में जागरूकता कैंप आयोजित किया गया, जिसमें करीब 95 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
कैम्प में परियोजना अधिकारी नेडा, खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत अधिकारी, बैंक अधिकारी, उपखंड अधिकारी विद्युत वितरण खंड डेरापुर तथा पीएम सूर्य घर योजना से संबंधित वेंडर ने उपस्थित लोगों को योजना के लाभ एवं प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत घरों की छत पर सोलर पावर प्लांट स्थापित कर बिजली की जरूरत को काफी हद तक पूरा किया जा सकता है। कैम्प में सोलर प्लांट की स्थापना, ऑनलाइन पंजीकरण, ऋण सुविधा, विद्युत भार बढ़ाने, नेट मीटरिंग एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के संबंध में उपभोक्ताओं की शंकाओं का समाधान किया गया।
30 उपभोक्ताओं ने कराया पंजीकरण
जागरूकता कैम्प के दौरान करीब 30 विद्युत उपभोक्ताओं ने वेंडर के माध्यम से पीएम सूर्य घर योजना के लिए पंजीकरण कराया। पंजीकरण कराने वाले उपभोक्ताओं द्वारा शीघ्र ही अपने घरों पर सोलर पावर प्लांट स्थापित कराया जाएगा।
वहीं, योजना के अंतर्गत सोलर पावर प्लांट स्थापित करा चुके तीन उपभोक्ताओं/लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं मोमेंटो भेंटकर सम्मानित किया गया।
बैंक अधिकारियों ने ऋण उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन
कैम्प में उपस्थित बैंक अधिकारियों ने योजना के तहत ऋण के लिए प्राप्त आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए पात्र लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। वहीं उपखंड विद्युत अधिकारी ने विद्युत भार बढ़ाने, नाम संशोधन, नेट मीटरिंग एवं निरीक्षण आदि से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने की बात कही।
डेरापुर में 200 सोलर प्लांट लगाने का लक्ष्य
जिलाधिकारी द्वारा विकासखंड डेरापुर में 200 सोलर पावर प्लांट स्थापित कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य की पूर्ति के लिए खंड विकास अधिकारी डेरापुर ने उपस्थित उपभोक्ताओं एवं विकासखंड से जुड़े कर्मचारियों से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ा जाए तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप 200 सोलर पावर प्लांट की स्थापना सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों ने लोगों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी अन्य पात्र परिवारों तक पहुंचाने और इसका लाभ उठाने की अपील की।