पीआरडी जवानों को मिला कैशलेस चिकित्सा योजना का उपहार, मुख्यमंत्री ने किया बहुमंजिला बैरक का शिलान्यास

23 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी बहुमंजिला पीआरडी बैरक, जवानों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

संवाददाता
उरई/जालौन।

महायोगी गुरु गोरखनाथ की पावन धरा गोरखपुर में आयोजित प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों के सम्मेलन एवं विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का जनपद जालौन में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लखनऊ के ग्राम परवर पश्चिम, सरोजनी नगर में लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास किया। साथ ही पीआरडी जवानों एवं उनके पात्र आश्रितों के लिए कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का सजीव प्रसारण माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, विधान परिषद सदस्य के प्रतिनिधि आरपी निरंजन, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, सदर विधायक प्रतिनिधि रविन्द्र प्रताप सिंह एवं कालपी विधायक प्रतिनिधि आशुतोष चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में पीआरडी जवानों एवं अधिकारियों ने देखा और मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना।

पीआरडी जवानों की सेवाएं महत्वपूर्ण : विधायक

माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन ने कहा कि प्रांतीय रक्षक दल के जवान शासन एवं प्रशासन की व्यवस्थाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विषम परिस्थितियों में भी पीआरडी जवान पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पीआरडी जवानों के हित में उठाए जा रहे कदम उनके मनोबल को बढ़ाने वाले हैं। कैशलेस चिकित्सा योजना के माध्यम से पीआरडी जवानों एवं उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

जवानों को प्राथमिकता से दिलाया जाएगा योजनाओं का लाभ : डीएम

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि पीआरडी जवान कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण अवसरों पर प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते हैं। मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई कैशलेस चिकित्सा योजना से जवानों एवं उनके पात्र आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि जनपद में पीआरडी जवानों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने पीआरडी कार्यालय के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि कार्यालय भवन के निर्माण की कार्यवाही को आगे बढ़ाया जा सके।

कार्यालय भवन के लिए धनराशि उपलब्ध कराने का प्रयास : आरपी निरंजन

विधान परिषद सदस्य के प्रतिनिधि आरपी निरंजन ने कहा कि पीआरडी कार्यालय के लिए भूमि चिन्हित होते ही कार्यालय भवन निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीआरडी जवानों के लिए बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध होने से उनकी सुविधाओं एवं कार्यक्षमता में और वृद्धि होगी।

पीआरडी जवानों के लिए बनेगा बड़ा हॉल

जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान ने कहा कि पीआरडी जवानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक बड़े हॉल के निर्माण के लिए जल शक्ति मंत्री की निधि से धनराशि उपलब्ध कराकर निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जवानों की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं के विकास में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, जिला विकास अधिकारी प्रशांत पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पीआरडी जवान उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में पीआरडी जवानों ने मुख्यमंत्री द्वारा उनके हित में की गई महत्वपूर्ण घोषणाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *