नागरिक सुरक्षा कोर में स्वयंसेवकों की अवैतनिक भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित

आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग के लिए नागरिकों को किया जाएगा प्रशिक्षित

कानपुर देहात, 18 अगस्त 2026।

जनपद कानपुर देहात में नागरिक सुरक्षा कोर (Civil Defence) के अंतर्गत स्वयंसेवकों एवं सदस्यों की अवैतनिक भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उत्तर प्रदेश शासन के नागरिक सुरक्षा अनुभाग द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में जनपद में नागरिक सुरक्षा कोर के गठन एवं संचालन के लिए स्वयंसेवकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

जिलाधिकारी/नियंत्रक नागरिक सुरक्षा, कानपुर देहात द्वारा जनपद में नागरिक सुरक्षा कोर के संचालन की अनुमति प्रदान की गई है। इसके तहत इच्छुक नागरिकों को स्वयंसेवक एवं सदस्य के रूप में जोड़कर आपदा प्रबंधन, जनसुरक्षा, राहत एवं बचाव कार्यों सहित विभिन्न नागरिक सुरक्षा गतिविधियों में सहयोग के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।

अधिक से अधिक नागरिकों से आवेदन करने की अपील

उप नियंत्रक (नागरिक सुरक्षा) एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जनपद के समस्त दैनिक समाचार पत्रों में आवेदन प्रपत्र निःशुल्क प्रकाशित कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक इच्छुक एवं पात्र नागरिकों तक इस अवसर की जानकारी पहुंचाना है।

उन्होंने बताया कि जनपद के इच्छुक एवं पात्र नागरिक निर्धारित आवेदन प्रपत्र भरकर नागरिक सुरक्षा कोर में स्वयंसेवक/सदस्य के रूप में पंजीकरण करा सकते हैं। स्वयंसेवकों को नागरिक सुरक्षा से संबंधित विभिन्न कार्यों के लिए आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।

भर्ती प्रक्रिया, पात्रता, आवेदन की अंतिम तिथि, आवश्यक दस्तावेज एवं आवेदन जमा करने से संबंधित विस्तृत जानकारी शीघ्र ही सार्वजनिक की जाएगी।

प्रशासन ने जनपद के इच्छुक नागरिकों से अपील की है कि वे नागरिक सुरक्षा कोर से जुड़कर आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में जनसेवा, राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने के इस अवसर का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *