नवयुग पालिका योजना के तहत नगर पंचायत अकबरपुर के विकास को लेकर परियोजना चयन समिति की बैठक संपन्न आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं जनहित को प्राथमिकता देने के निर्देश

संवाददाता
कानपुर देहात

नगर पंचायत अकबरपुर को नवयुग पालिका योजना से आच्छादित किए जाने के संबंध में परियोजना चयन समिति की बैठक जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार में आयोजित की गई। बैठक में नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र एवं योजनाबद्ध विकास के लिए विभिन्न प्रस्तावित परियोजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान नगर क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा शहरी विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं के प्रस्तावों की समीक्षा की गई। सड़क, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था, हरित क्षेत्र विकास एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर पंचायत क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि सभी प्रस्तावों को गुणवत्तापूर्ण एवं व्यवहारिक रूप में तैयार कर निर्धारित समयसीमा के भीतर शासन को प्रेषित किया जाए, ताकि योजनाओं का शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि नवयुग पालिका योजना के माध्यम से नगर पंचायत अकबरपुर में आधुनिक अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, प्रभागीय वनाधिकारी ए.के. पाण्डेय, नगर पंचायत अकबरपुर अध्यक्ष प्रतिनिधि जितेन्द्र सिंह ‘गुड्डन’, अधिशासी अधिकारी अकबरपुर आशीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *