नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण वातावरण में टीजीटी परीक्षा सकुशल संपन्न जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने सभी परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, दोनों पालियों में रही कड़ी निगरानी

संवाददाता | उरई/जालौन

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) लिखित परीक्षा जनपद जालौन में नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरे समय पूरी मुस्तैदी के साथ सक्रिय रहा।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों की सघन जांच व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती, सुरक्षा प्रबंधों तथा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जनपद में टीजीटी परीक्षा के लिए कुल सात परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। प्रथम पाली में पंजीकृत 2,788 अभ्यर्थियों में से 1,269 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 1,519 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में कुल 2,127 अभ्यर्थियों में से 1,033 ने परीक्षा में भाग लिया और 1,094 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों की परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं निष्पक्ष माहौल में सम्पन्न हुई।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे परीक्षा प्रक्रिया निर्बाध रूप से संचालित हो सके।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्रों एवं उनके आसपास सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ रखा गया। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी गई तथा किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि को रोकने के लिए पुलिस टीमें लगातार सक्रिय रहीं। प्रशासन एवं पुलिस की सतर्कता के चलते जनपद में टीजीटी परीक्षा सफलतापूर्वक और नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *