थाना रनियां पुलिस ने लूट की वारदात का किया सफल खुलासा, तीन अभियुक्त गिरफ्तार

नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन, आधार कार्ड व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद, एक आरोपी के पास से अवैध तमंचा भी मिला

संवाददाता | कानपुर देहात

कानपुर देहात पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रनियां क्षेत्र में हुई लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन, आधार कार्ड तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। एक अभियुक्त के कब्जे से अवैध तमंचा एवं जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं।

पुलिस के अनुसार 30 जुलाई 2026 को वादी राजन उर्फ अखिलेश शंखवार, निवासी श्यामसुन्दर नगर, कस्बा रनियां ने थाना रनियां में तहरीर देकर बताया था कि 29/30 जुलाई की रात करीब 1:30 बजे अज्ञात बदमाश उनके घर में घुस आए। बदमाशों ने परिवार के साथ मारपीट कर नकदी, जेवरात एवं अन्य सामान लूट लिया। तहरीर के आधार पर थाना रनियां में मुकदमा दर्ज कर घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई।

जांच के दौरान बुधवार को थाना रनियां पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर किशरवल रोड स्थित नारी खेत नहर पुल के पास से मोटरसाइकिल पर आ रहे तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आस मोहम्मद उर्फ आलू (जनपद बदायूं), राजू शाह उर्फ लहीक (जनपद मुरादाबाद) तथा कयूम अली (जनपद बरेली) के रूप में हुई।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 1 लाख 26 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, पीड़िता का आधार कार्ड, सात मोबाइल फोन (कीपैड एवं एंड्रॉयड), घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल (UP-24 AU-8824) तथा एक अभियुक्त कयूम अली के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा एवं तीन जिंदा कारतूस बरामद किए।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उनकी मुलाकात बिल्हौर क्षेत्र में अमजद नामक व्यक्ति से हुई थी। अमजद ने उन्हें रनियां स्थित एक ज्वेलरी दुकान में चोरी की योजना बताई थी। योजना के तहत सभी आरोपी 29/30 जुलाई की रात रनियां पहुंचे और पहले मिश्रा ज्वैलर्स में चोरी का प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर दुकान के पीछे स्थित एक मकान में घुसकर परिवार के साथ मारपीट की तथा नकदी, जेवरात, मोबाइल फोन एवं अन्य सामान लूटकर फरार हो गए।

पूछताछ में आरोपियों ने यह भी बताया कि लूटे गए सामान का कुछ हिस्सा उनके पास है, जबकि शेष नकदी एवं सामान उनके साथी अमजद के पास है। पुलिस ने अमजद का नाम मुकदमे में प्रकाश में लाते हुए उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।

बरामद सामान

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने निम्नलिखित सामान बरामद किया—

  • 01 पुरुष एवं 01 महिला सोने की अंगूठी
  • 01 सोने का लॉकेट
  • 03 जोड़ी सोने की बालियां
  • 02 जोड़ी चांदी की बिछिया
  • ₹1,26,000 नकद
  • पीड़िता का आधार कार्ड
  • 07 मोबाइल फोन (04 कीपैड एवं 03 एंड्रॉयड)
  • घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल
  • एक अवैध 315 बोर तमंचा एवं 03 जिंदा कारतूस

गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए कयूम अली के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अलग मुकदमा भी दर्ज किया है। सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस टीम को मिली सफलता

इस कार्रवाई को थाना रनियां के थानाध्यक्ष दिनेश कुमार गौतम के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अंजाम दिया। टीम में उपनिरीक्षक देवेन्द्र कुमार पाल, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार तिवारी, मुख्य आरक्षी सत्येन्द्र सिंह एवं आरक्षी नरेन्द्र राना शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता एवं पेशेवर कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे जनपद पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *