डीएम की सख्ती का बड़ा असर, विद्युत विभाग में गिरी गाज

दो लोगों के झुलसने के मामले में एसडीओ तत्काल हटाए गए, जेई पर भी विभागीय कार्रवाई; अधीक्षण अभियंता ने भेजी विस्तृत जांच आख्या

संवाददाता
उरई/जालौन

उरई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के कड़े निर्देशों के बाद विद्युत विभाग ने हदरुख विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में हुई विद्युत दुर्घटना के मामले में प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की है। अधीक्षण अभियंता योगेंद्र सिंह ने जांच के आधार पर संबंधित उपखंड अधिकारी को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है, जबकि संबंधित अवर अभियंता के विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई करते हुए उन्हें कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।

अधीक्षण अभियंता द्वारा जिलाधिकारी को भेजी गई विस्तृत आख्या के अनुसार ग्राम हरिसिंहपुर के मजरा माईनर के पास खेतों से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन के समीप हुई दुर्घटना की जांच कराई गई। जांच में प्रथम दृष्टया संबंधित अधिकारियों की लापरवाही सामने आने के बाद बिना विलंब कार्रवाई की गई।

एसडीओ के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति

रिपोर्ट के अनुसार उपखंड अधिकारी, विद्युत वितरण उपखंड जालौन को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति उच्चाधिकारियों को भेजी गई है।

वहीं 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र हदरुख के अवर अभियंता रमाकान्त वर्मा को भी प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की गई है। उन्हें पद से हटाकर प्रतिकूल प्रविष्टि का दंड दिया गया तथा अन्य कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।

पेड़ों में विद्युत प्रवाह के कारण हुई दुर्घटना

जांच में यह तथ्य सामने आया कि दुर्घटना सीधे विद्युत लाइन के संपर्क में आने के कारण नहीं, बल्कि वर्षा के दौरान पेड़ों में विद्युत प्रवाह आने के कारण हुई। घटना के तत्काल बाद संबंधित खेत से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन का स्पैन हटाकर वहां की विद्युत आपूर्ति बंद करा दी गई, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटना की पुनरावृत्ति न हो।

अधीक्षण अभियंता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि दुर्घटना में घायल दोनों व्यक्तियों का उपचार कराया जा रहा है। उन्हें नियमानुसार क्षतिपूर्ति दिलाने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।

इसके साथ ही विद्युत सुरक्षा निदेशालय द्वारा दुर्घटना की स्वतंत्र जांच कराई जा रही है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार स्वतंत्र जांच रिपोर्ट में यदि किसी अन्य अधिकारी अथवा कर्मचारी की जिम्मेदारी निर्धारित होती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जनसुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : डीएम

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषी अधिकारी चाहे किसी भी पद पर हो, उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विद्युत लाइनों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *