संवाददाता | कानपुर देहात
कानपुर देहात।
जनपद स्तरीय “जिला आजीविका मिशन क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति” की बैठक जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि यह समीक्षा बैठक प्रत्येक माह की 1 से 5 तारीख के मध्य अनिवार्य रूप से आयोजित की जानी है।
बैठक में जनपद में चिन्हित 35,844 दीदियों को इसी वित्तीय वर्ष में लखपति श्रेणी में लाने के उद्देश्य से सभी कन्वर्जेंस विभागों के साथ समीक्षा की गई। उपायुक्त स्वतः रोजगार द्वारा विभिन्न विभागों से सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की गई तथा महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु संचालित सभी योजनाओं का लाभ संभावित लखपति दीदियों को प्राथमिकता के आधार पर दिए जाने पर जोर दिया गया।
उपायुक्त स्वतः रोजगार द्वारा आगामी तीन माह में समूह गठन का लक्ष्य पूर्ण कराने के लिए अन्य जनपदों से आईसीआरपी ड्राइव मंगाए जाने का प्रस्ताव समिति के समक्ष रखा गया, जिसे जिलाधिकारी महोदय ने तत्काल लागू करने के निर्देश दिए।
परिवार संतृप्तिकरण के अंतर्गत पात्र गृहस्थी एवं अन्त्योदय कार्डधारक 2,31,000 परिवारों को अभियान चलाकर समूहों से जोड़ने का प्रस्ताव भी रखा गया, जिसकी कार्ययोजना सभी ब्लॉक मिशन प्रबंधकों (बीएमएम) द्वारा प्रस्तुत की जा चुकी है।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि वर्तमान में जनपद में 2,549 स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाते अभी तक नहीं खुले हैं। इस पर जिलाधिकारी ने अग्रणी जिला प्रबंधक को शीघ्र खाते खुलवाने में आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही क्रेडिट लिंकेज के निर्धारित लक्ष्य को भी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, उपायुक्त स्वतः रोजगार, उपायुक्त मनरेगा, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, जिला पशुधन अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी, लीड बैंक मैनेजर, जिला परिवीक्षा अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला समन्वयक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक इकाई तथा उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।