कानपुर देहात।
जनपद के विकास खंड सन्दलपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत अगवासी में जल जीवन मिशन के तहत ‘जल अर्पण महोत्सव 2026’ का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री (इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी, उ.प्र. शासन) अजीत पाल सिंह उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख राहुल तिवारी (मीनू), ग्राम प्रधान अगवासी कमलेश कुमार कठेरिया एवं ग्राम प्रधान खालागांव गौरव कटियार मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल, जल स्रोतों की स्वच्छता तथा सामुदायिक सहभागिता के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर जल पदयात्रा, प्रभात फेरी, जल बंधन और जल संकल्प जैसे विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। राज्य मंत्री ने ग्रामीणों को जल संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए जल के महत्व पर प्रकाश डाला।
ग्राम प्रधान अगवासी ने जानकारी दी कि योजना के अंतर्गत 754 घरों को कनेक्शन प्रदान किए गए हैं, जहां सोलर सिस्टम आधारित ऑटोमेटेड व्यवस्था से नियमित जलापूर्ति की जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि योजना के चलते उन्हें नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल मिल रहा है, जिससे गांव में खुशी का माहौल है।
अधिशासी अभियंता ने भी शुद्ध पेयजल के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए ग्रामीणों को प्रेरित किया कि वे अपने दैनिक जीवन में केवल स्वच्छ पानी का उपयोग करें, जिससे स्वास्थ्य स्तर में सुधार हो सके।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के अधिकारीगण, ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीण, विद्यालय के छात्र-छात्राएं, जल सखियां, टीपीआई तथा कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर सहित कई लोग उपस्थित रहे।
जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य निरंतर पूरा किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।