जन चौपाल बनी जनविश्वास का सेतु, योजनाओं की जानकारी से जागरूक हुए ग्रामीण

नोडल अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने योजनाओं का लिया फीडबैक, पात्रों तक लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश
संवाददाता, उरई/जालौन

जनपद जालौन के विकास खंड जालौन अंतर्गत ग्राम पहाड़पुरा में आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम जनभागीदारी का सशक्त मंच बनकर उभरा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी एवं सचिव (कृषि) इन्द्र विक्रम सिंह ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर सीधे संवाद स्थापित किया।

नोडल अधिकारी ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लाभार्थियों को विस्तार से दी और उनके क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत का फीडबैक लिया। जन चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचे।

उन्होंने मौके पर ही स्थलीय सत्यापन कर यह सुनिश्चित किया कि योजनाओं का लाभ वास्तव में जरूरतमंदों तक पहुंच रहा है या नहीं। सामाजिक सरोकार को बढ़ावा देते हुए कार्यक्रम में बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया तथा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें पौष्टिक आहार वितरित किया गया। इस पहल ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाया।

नोडल अधिकारी ने कहा कि सरकार द्वारा नागरिकों के जन्म से लेकर बुजुर्ग अवस्था तक समग्र कल्याण हेतु अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इससे बेटियों को जन्म से शिक्षा तक आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। जननी सुरक्षा योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव और पोषण सहायता मिलती है, वहीं मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराया जा रहा है।

उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि पात्र परिवारों को आयुष्मान कार्ड के जरिए सूचीबद्ध अस्पतालों में 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे कोई भी व्यक्ति आर्थिक अभाव में इलाज से वंचित न रहे।

किसानों के हितों पर जोर देते हुए उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री को अनिवार्य बताते हुए सभी किसानों से इसे शीघ्र बनवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि गेहूं क्रय केंद्रों पर खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और कृषि योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाने के लिए यह आवश्यक है।

जल संरक्षण पर बल देते हुए उन्होंने किसानों को कम पानी वाली फसलों की खेती अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष वर्षा सामान्य से कम होने की संभावना है, ऐसे में जल संरक्षण आधारित खेती समय की मांग है।

नोडल अधिकारी ने ग्रामीणों को ग्राम पंचायत के विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि पंचायतों के पास पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं, जिनका सही उपयोग कर गांव का समग्र विकास संभव है।

जन चौपाल के दौरान ग्रामवासी बालमुकुंद ने कृषि फीडर पर कम बिजली आपूर्ति की शिकायत की। इस पर नोडल अधिकारी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों की टीम से जांच कराई, जिसमें पाया गया कि निर्धारित 10 घंटे विद्युत आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है। इस प्रकार शिकायत निराधार पाई गई।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, उप जिलाधिकारी हेमंत पटेल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीरेंद्र सिंह, डीसी मनरेगा रामेंद्र सिंह, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, जिला विकास अधिकारी निशांत पांडेय, खंड विकास अधिकारी प्रशांत कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *