झपटमारी की घटना का खुलासा, एक अभियुक्त गिरफ्तार

संवाददाता, कानपुर देहात

कानपुर देहात में अपराध नियंत्रण एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मूसानगर पुलिस ने झपटमारी की घटना का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से पीली धातु का कान का बाला बरामद किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को वादी रेशू कुमार ने थाना मूसानगर में तहरीर देकर बताया था कि खिरियनपुरवा-मूसानगर मार्ग पर सरकारी ट्यूबवेल के पास बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उनकी दादी को रोककर कान से सोने के बाले झपट लिए, जिससे उन्हें चोट भी आई। इस संबंध में थाना मूसानगर में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर वाहन चेकिंग के दौरान 30 अप्रैल 2026 को चांदपुर तिराहे के पास से अभियुक्त रोहित (उम्र 20 वर्ष), निवासी ग्राम जिगनीपुरवा, थाना गजनेर, जनपद कानपुर देहात को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पीली धातु का कान का बाला बरामद हुआ।

पूछताछ में अभियुक्त ने अपने साथी श्याम सिंह (निवासी चैनपुरवा, थाना रेऊना, जनपद कानपुर नगर) के साथ मिलकर झपटमारी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद दोनों आरोपियों ने एक-एक बाला आपस में बांट लिया था।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। फरार आरोपी श्याम सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

बरामदगी:

  • एक पीली धातु का कान का बाला (लगभग 1.5 ग्राम)
  • एक मोटरसाइकिल (एचएफ डीलक्स), जिसे मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है

गिरफ्तार करने वाली टीम:
प्रभारी निरीक्षक रीना गौतम के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुनील कुमार वर्मा, कांस्टेबल गोविंद यादव, रिजर्व कांस्टेबल अभिषेक कुमार एवं देवेश कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *