जनगणना 2027 के प्रथम चरण की तैयारियां पूर्ण, 22 मई से शुरू होगा घर-घर सर्वे

संवाददाता | कानपुर देहात

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी दुष्यंत कुमार मौर्य ने बताया कि भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना-2027 के अंतर्गत जनपद में प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा।

इस अभियान के तहत प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक भवन एवं मकान का चिन्हीकरण करेंगे तथा उससे संबंधित आवश्यक जानकारियां निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज करेंगे। जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जनपद में लगभग 3314 प्रगणक एवं 550 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। जनपद में कुल 3460 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) निर्धारित किए गए हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित तहसीलों के तहसीलदारों को चार्ज अधिकारी तथा नगरीय क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन द्वारा जनगणना कार्य के प्रभावी संचालन हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।

जिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं, बल्कि देश की सामाजिक, आर्थिक एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, आवास, विद्युत एवं रोजगार जैसी योजनाओं की रूपरेखा जनगणना के आंकड़ों के आधार पर तैयार की जाती है।

उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य में लगे प्रगणक निर्धारित पहचान पत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ घर-घर पहुंचेंगे। नागरिकों से अपील की गई है कि वे सही एवं स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराकर जनगणना कार्य में सहयोग करें। सभी सूचनाएं पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी तथा उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय एवं शासकीय उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण दायित्व है। सभी नागरिक सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा प्रगणकों को सही जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे विकास योजनाओं के लिए सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *