संवाददाता | कानपुर देहात
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय द्वारा पुलिस लाइन में शुक्रवार परेड की सलामी लेकर परेड का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
परेड निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक ने अनुशासन एवं एकरूपता बनाए रखने के उद्देश्य से टोलीवार ड्रिल करवाई। इस दौरान पुलिस बल की कार्यकुशलता एवं समन्वय को परखा गया।
जनपद की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक द्वारा पीआरवी (PRV) वाहनों का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने वाहनों के रखरखाव, उपकरणों की उपलब्धता एवं आपात स्थिति में तत्परता बनाए रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन स्थित आदेश कक्ष में गार्द रजिस्टरों की जांच की तथा गार्द कमांडरों को सुरक्षा व्यवस्था एवं सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी एवं अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।