जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
संवाददाता
उरई/जालौन
जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन में कर्नल ईश्वरी सिंह इंटर कॉलेज, शेखपुर बुजुर्ग में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रेमनाथ तथा अध्यापकगण विवेक कुलश्रेष्ठ, शशांक सिंह एवं रामेन्द्र गुप्त की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। यातायात पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात के लिए आवश्यक सावधानियों एवं नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर यातायात प्रभारी वीर बहादुर सिंह, मुख्य आरक्षी सुभाष कुमार, मुख्य आरक्षी अजीत कुमार एवं उनकी टीम ने विद्यार्थियों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने तथा गलत दिशा में वाहन न चलाने के संबंध में जानकारी दी।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को यातायात संकेतों एवं ट्रैफिक लाइट का पालन करने, सड़क पार करते समय आवश्यक सावधानी बरतने तथा वाहन चलाते समय यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।
विद्यालय प्रशासन ने यातायात जागरूकता कार्यक्रम के आयोजन के लिए पुलिस विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन एवं जागरूकता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।