गौ संरक्षण को लेकर प्रशासन गंभीर, डीएम ने गौशालाओं का किया निरीक्षण चमारी और सरसोखी गौशालाओं में मिली बेहतर व्यवस्थाएं

संवाददाता | उरई/जालौन

जनपद जालौन में निराश्रित गोवंशों के संरक्षण एवं देखभाल को लेकर प्रशासन गंभीर नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने ग्राम चमारी गौशाला एवं ग्राम सरसोखी स्थित कान्हा गौशाला का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोवंशों के रखरखाव, चारा-पानी, स्वच्छता एवं पशु स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौशालाओं में व्यवस्थाएं लगातार बेहतर बनाए रखी जाएं तथा गोवंशों की देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

जिलाधिकारी को निरीक्षण के दौरान गौशालाओं में पर्याप्त मात्रा में भूसा, चोकर, खली एवं अन्य पशु आहार उपलब्ध मिला। उन्होंने गोवंशों के लिए स्वच्छ पेयजल, छायादार स्थान एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि गौशालाओं में हर समय पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि पशुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप निराश्रित गोवंशों के संरक्षण और सुरक्षा में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पशु चिकित्सा व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि समय-समय पर गोवंशों का स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण एवं पोषण संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे पशु स्वस्थ एवं सुरक्षित रह सकें।

इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी मनोज अवस्थी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *