गांव की चौपाल से ज्ञान की अलख तक पहुंचे पूर्व आईपीएस राजेश पाण्डेय माता प्रसाद पुस्तकालय को “वर्चस” पुस्तक भेंट कर युवाओं को दिया प्रेरणा का संदेश

संवाददाता | उरई/जालौन

यूपीडा एवं पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के नोडल सिक्योरिटी ऑफिसर तथा पूर्व आईपीएस अधिकारी राजेश पाण्डेय ने जनपद जालौन के ग्राम चमारी पहुंचकर सामाजिक एवं शैक्षिक जागरूकता का प्रेरणादायी संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने गांव स्थित माता प्रसाद पुस्तकालय को अपनी पुस्तक वर्चस भेंट की।

पूर्व आईपीएस अधिकारी ने विद्यार्थियों और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि पुस्तकें केवल जानकारी का माध्यम नहीं होतीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और समाज को सही दिशा देने का सबसे सशक्त साधन हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पुस्तकालयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यही स्थान युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने का कार्य करते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि जीवन में सफलता केवल संसाधनों से नहीं, बल्कि निरंतर अध्ययन, आत्मविश्वास और मेहनत से प्राप्त होती है। “वर्चस” पुस्तक के माध्यम से उन्होंने युवाओं को सकारात्मक जीवन मूल्यों, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को समझने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों एवं पुस्तकालय से जुड़े लोगों ने पूर्व आईपीएस अधिकारी का गर्मजोशी से स्वागत किया। ग्रामीणों ने पुस्तक भेंट को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी पहल बताते हुए कहा कि ऐसे व्यक्तित्व का गांव में आगमन युवाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करता है।

इस अवसर पर शिक्षा, पठन-पाठन और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने को लेकर सार्थक चर्चा भी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *