पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास, जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में लगी गोली; तमंचा और कारतूस बरामद
संवाददाता / कानपुर देहात
कानपुर देहात, 10 सितंबर 2026। अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गजनेर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गैंगरेप के एक मामले में वांछित दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर 2026 को थाना गजनेर में एक नाबालिग पीड़िता से संबंधित गैंगरेप के मामले में मुकदमा अपराध संख्या 0222/2026 धारा 70(2)/351(3) बीएनएस एवं धारा 5G/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद घटना में शामिल आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी।
इसी क्रम में 9/10 सितंबर 2026 की सुबह मुखबिर की सूचना पर थाना गजनेर पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में बताए गए स्थान पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, वहां मौजूद आरोपियों को रोकने एवं गिरफ्तार करने का प्रयास किया गया। इस दौरान आरोपियों ने कथित रूप से पुलिस टीम पर तमंचे से फायर करते हुए भागने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान एक आरोपी अनिल सिंह के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपी कालका प्रसाद को पुलिस टीम ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी गजनेर भेजा गया।
पुलिस पर फायरिंग का भी आरोप
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्हें अपने विरुद्ध मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिल गई थी और वे गांव से बाहर भागने की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिस द्वारा घेराबंदी किए जाने पर पकड़े जाने के डर से उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग की।
हालांकि पुलिस ने पूछताछ में आरोपियों द्वारा घटना के संबंध में दिए गए कथित बयानों को भी विवेचना में शामिल किया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा 660 रुपये नकद बरामद किए हैं। मुठभेड़ के संबंध में थाना गजनेर में अलग से मु0अ0सं0 0224/2026, धारा 109 बीएनएस एवं संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल सिंह पुत्र राजदुलारे तथा कालका प्रसाद पुत्र इन्गू, दोनों निवासी ग्राम कठेठी, थाना गजनेर, जनपद कानपुर देहात के रूप में हुई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपी गैंगरेप से संबंधित मुकदमे में नामजद हैं। अनिल सिंह के विरुद्ध आर्म्स एक्ट से संबंधित मामला भी दर्ज बताया गया है, जबकि मुठभेड़ की घटना को लेकर भी दोनों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सनत कुमार, उपनिरीक्षक ललित कुमार, हेड कांस्टेबल अनुपम कुमार, हेड कांस्टेबल मानबहादुर, कांस्टेबल राजेश कुमार एवं कांस्टेबल शिव शांत शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में गंभीर आपराधिक घटनाओं में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।