संवाददाता | कानपुर देहात
जिला क्रीड़ाधिकारी नीलम सिद्दीकी ने बताया कि उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स कॉलेजेज सोसाइटी, लखनऊ के अंतर्गत संचालित विभिन्न स्पोर्ट्स कॉलेजों में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
इस प्रक्रिया के तहत गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, बीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, मेजर ध्यानचंद्र स्पोर्ट्स कॉलेज, स्पोर्ट्स कॉलेज फतेहपुर एवं स्पोर्ट्स कॉलेज सहारनपुर में कक्षा 6, 9 एवं 11 में प्रवेश हेतु संभावित 518 रिक्त सीटों पर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संपादित की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी खेल साथी पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के जरिए भी आवेदन किया जा सकता है।
अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र भरते समय निर्धारित प्रारूप के अनुसार जानकारी दर्ज करनी होगी तथा ₹200 आवेदन शुल्क जमा करना होगा। आवेदन फार्म में यूडाइस पोर्टल द्वारा जारी पेन नंबर (Permanent Education Number) भरना अनिवार्य होगा। बिना पेन नंबर के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
जिला क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि अभ्यर्थियों की आयु की गणना 1 अप्रैल 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं अभ्यर्थियों के शैक्षिक अभिलेखों का सत्यापन यूडाइस प्लस पोर्टल पर उपलब्ध पेन नंबर के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने अभिभावकों एवं इच्छुक खिलाड़ियों से समय रहते ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।