गजनेर पुलिस ने रेलवे सिग्नल केबल चोरी का किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

संवाददाता / कानपुर देहात

कानपुर देहात। जनपद में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी एवं अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना गजनेर पुलिस ने रेलवे सिग्नल केबल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी की गई रेलवे सिग्नल केबल, घटना में प्रयुक्त लोडर पिकअप सहित अन्य सामान बरामद करने का दावा किया है। पूछताछ के दौरान पांच अन्य सह-अभियुक्तों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को वादी सतेन्द्र सिंह पुत्र प्रेम सिंह, निवासी हरवंश बिहार, थाना मिसरोड, जिला भोपाल, मध्य प्रदेश द्वारा थाना गजनेर में लिखित शिकायत दी गई थी। शिकायत में बताया गया था कि थाना क्षेत्र में गेट संख्या 227 के पास रसूलपुर गोगूमऊ रेलवे स्टेशन से अज्ञात चोरों द्वारा करीब 2000 मीटर रेलवे सिग्नल केबल चोरी कर ली गई है। शिकायत के आधार पर थाना गजनेर में मु0अ0सं0 233/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले की जांच के दौरान थाना गजनेर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रेलवे सिग्नल केबल चोरी की घटना का अनावरण किया। पुलिस ने शुक्रवार को रायपुर-गजनेर मार्ग, थाना गजनेर क्षेत्र से आरोपी मोहित पुत्र विजय कश्यप, उम्र करीब 25 वर्ष, को घटना में प्रयुक्त लोडर पिकअप के साथ गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से बरेली का रहने वाला है और वर्तमान में कानपुर नगर में किराये के मकान में रह रहा था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि 15/16 सितंबर 2026 की रात वह अपने पांच साथियों के साथ गोगूमऊ क्रासिंग के पास रखी रेलवे की केबल चोरी कर लोडर पिकअप संख्या UP77AT5587 से ले गया था। आरोपी के अनुसार चोरी की गई केबल को उसके साथियों ने सुनसान स्थान पर छिपाया था।

आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि चोरी की गई केबल में से कुछ हिस्सा लेकर वह अपने साथियों के साथ 17/18 सितंबर की रात कानपुर बेचने जा रहा था। इसी दौरान पुलिस द्वारा रोके जाने पर उसके साथी वाहन छोड़कर मौके से भाग गए। आरोपी के अनुसार हाथ में चोट होने के कारण वह भाग नहीं सका और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

1450 मीटर रेलवे सिग्नल केबल बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही एवं कब्जे से 1450 मीटर चोरी की रेलवे सिग्नल केबल बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा एक नंबर प्लेट UP77AT5587, एक रिंच तथा घटना में प्रयुक्त लोडर पिकअप भी बरामद किया गया है।

पूछताछ में पांच अन्य सह-अभियुक्तों के नाम प्रकाश में आने के बाद पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण

मोहित पुत्र विजय कश्यप, उम्र करीब 25 वर्ष, निवासी संजय नगर, 3 मूर्ति कॉलोनी के पीछे, बांस बजरिया, थाना बिहारीपुर, जनपद बरेली। वर्तमान पता—किराये का मकान, नौरइया खेड़ा, थाना गोविंद नगर, जनपद कानपुर नगर।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सनत कुमार, उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह चौहान, उपनिरीक्षक राजकुमार, कांस्टेबल 503 पंकज कुमार, कांस्टेबल सचिन तथा कांस्टेबल राजेश शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *